बारिश का मौसम प्रारम्भ हो चुका है, इन दिनों जगह जगह पर कॉर्न अर्थात भुट्टे के ठेले खड़े मिल जाते हैं. देशी और अमेरिकन यह दो वेरायटीज में मिलता है. देशी कॉर्न के छोटे छोटे दानों की अपेक्षा अमेरिकन कॉर्न के दाने आकार में बड़े और स्वाद में मीठे होते हैं.भुट्टे को यूं तो कोयले की आंच पर सेककर खाना श्रेष्ठतम तरीका है परन्तु इससे भांति भांति के व्यंजन भी बड़ी आसानी से बनाये जा सकते हैं. भुट्टे में फायबर, प्रोटीन, विटामिन्स तथा एंटीओक्सिडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जिससे ये पाचन तन्त्र, आंखों और दिल को दुरुस्त रखने में सहायक होता है. आज हम आपको भुट्टे से बनने वाली रेसिपीज बनाना बता रहे हैं जिन्हें आप आसानी से बनाकर भुट्टे को अपनी डाईट में शामिल कर सकतीं हैं तो आइये देखते हैं कि इन्हें कैसे बनाया जाता है-

-चाकलेटी कार्न केक

सामग्री

कार्न के दाने                         250 ग्राम

डार्क चाकलेट                         100 ग्राम

मिल्क या लाइट चाकलेट            100 ग्राम

बारीक कटे बादाम                     1 टीस्पून

विधि-

कार्न के दानों को उबाल कर छान लें और तीन चार घंटों के लिए सूती कपड़े पर फैला दें ताकि उनका पानी सूख जाए. अब दोनों चाकलेट को माइक्रोबेव में पिघलाकर भली भांति मिलाएं. कार्न के दाने डालकर चलाएं और बटर पेपर या सिल्वरफॉइल पर छोटे छोटे गोल केक के आकार में फैलाएं. ऊपर से कटे बादाम फैलाकर कटोरी से हल्के हाथ से दबा दें ताकि वे केक में अच्छी तरह चिपक जायें. 1 घंटे के लिए फ्रिज में सेट होने दें फिर  प्रयोग करें.

-बेक्ड चीजी कार्न

सामग्री

कार्न के उबले दाने             250 ग्राम

मैदा                               1 टी स्पून

दूध                                1/2 कप

काली मिर्च पाउडर            1/4 टी स्पून

सॉल्टिड बटर                   1 टी स्पून

नमक                              1 चुटकी

चीज क्यूब                          4

विधि-

बटर को पिघलाकर मैदा को हल्का भूरा होने तक भूनें. अब इसमें दूध धीरेधीरे डालते हुए भली भांति चलाएं ताकि गुठले न पड़ें. काली मिर्च और नमक डालकर पुनः चलांए. तैयार व्हाइट सॉस में उबले कार्न के दाने डालकर चलाएं. चीज को उपर से किसें और माइक्रोबेव में 5 मिनट तक कन्वेक्शन मोड में बेक करें। स्वादिष्ट बेक्ड कार्न तैयार हैं.

-कार्न विद ग्रीन ग्रेवी

सामग्री

पालक                                 250 ग्राम

उबले स्वीट कार्न                     200 ग्राम

कटा प्याज                            1 बारीक

बारीक कटे टमाटर                   2

अदरक लहसुन पेस्ट                  1/2 टी स्पून

घी                                1 टी स्पून

बटर                               1 टी स्पून

नमक                              स्वादानुसार

लाल मिर्च पाउडर                1/2 टी स्पून

गरम मसाला पाउडर             1/4 टी स्पून

धनिया पाउडर                    1 टी स्पून

ताजी क्रीम                        1 टी स्पून

विधि-

पालक को प्रेशर कुकर में 1 सीटी देकर उबाल लें. पानी निकालकर हैंड ब्लैंडर में पीस लें ध्यान रखें कि पालक को एकदम पेस्ट जैसा नहीं बनाना है. अब एक नानस्टिक पैन में घी और बटर को गर्म करके प्याज को सॉते करें. अदरक लहसुन पेस्ट, टमाटर और सभी मसाले डालकर मंदी आंच पर भूनें. जब मसाला पूरी तरह भुन जाए तो पालक प्यूरी, नमक और कार्न के दाने डालकर अच्छी तरह चलाएं. धीमी आंच पर 5 मिनट तक पकाकर गैस बंद कर दें और क्रीम डालकर ढक दें. तैयार करी को गर्मागर्म परांठों के साथ सर्व करें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...