आखिर घूमना किसे पसंद नहीं होता और अगर आपको लंदन जैसा शहर घूमने को मिले तो आप यही चाहेंगे की वहां की कोई भी जगह आपके घूमने से छूट न जाऐ. ऐसे में हम आपको लंदन के कुछ उन चुनिंदा जगहों के बारे में बताऐंगे जहां आपको अपने लंदन यात्रा के दौरान जरुर जाना चाहिये.
विक्टोरिया और अल्बर्ट संग्रहालय
केंसिंग्टन में विक्टोरिया और अल्बर्ट संग्रहालय सजावटी कला और डिजाइन की दृष्टि से दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय माना जाता है. इसमें करीब 4.5 मिलियन वस्तुओं का स्थायी संग्रह है. इस संग्रहालय का नाम प्रिंस एल्बर्ट और क्वीन विक्टोरिया के नाम पर रखा गया है. इसकी स्थापना 1852 में की गयी थी और यह करीब 12.5 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें 145 गैलरियां हैं. इसके संग्रह में प्राचीन काल की यूरोप, उत्तरी अमेरिका, एशिया और उत्तरी अफ्रीका की संस्कृतियों से आयी 5000 साल पुरानी कलाकृतियां मिलती है, जो लगभग हर क्षेत्र से संबंधित हैं. यहां पर प्रवेश निःशुल्क है।
ब्रिटिश लाइब्रेरीज
ब्रिटिश लाइब्रेरी का केवल साहित्यिक ही नहीं एतिहासिक महत्व भी है. यहां पर कई साहित्यिक पुस्तकें और कई पांडुलिपियां रखी गई हैं, जैसे एलिस इन वंडरलैंड, द नोटबुक औफ जेन औस्टेन, चारलोते ब्रोंटे की जेन आयर की पांडुलिपि, मेग्ना कार्टा, अ गुटेनबर्ग बाइबल, कोडेक्स सिनईकस, विलियम शेक्सपियर का औटोग्राफ, आर्थर सुलेवान द्वारा तैयार किया गया ओरिजनल म्यूजिक स्कोर इत्यादि. इसी तरह यहां बनी स्थायी प्रदर्शनी गैलरी हेंडल और बीथोवन द सर जौन रितब्लात में 200 से अधिक वस्तुओं को प्रर्दशन हेतु रखा गया है. यह गैलरी भी पूरे सप्ताह खुली रहती है और यह निःशुल्क है.
ब्रिटिश म्यूजियम
आप जान कर हैरान रह जायेंगे कि ब्रिटिश म्यूजियम में सात मिलियन वस्तुएं प्रदर्शन के लिए रखी गयीं हैं. ये सब केवल लन्दन से ही नहीं हैं बल्कि प्राचीन मिस्र, यूनान और रोम आदि से भी ला कर यहां रखी गई हैं. इन महत्वपूर्ण वस्तुओं में सबसे लोकप्रिय एल्गिन मार्बल, रोसेटा स्टोन, दुनिया की सबसे पुरानी ममी ‘जिंजर’, लिंडोमेन आदि शामिल हैं. ब्रिटिश म्यूजियम हफ्ते के सातों दिन खुलता है और यहां पर प्रवेश निःशुल्क है.
लन्दन टावर
लन्दन टावर एक ऐतिहासिक शाही किला है जिसमें इंग्लैण्ड के राजपरिवार का मुकुट रखा गया है. इसके पास ही में एक प्रसिद्ध टावर ब्रिज भी है, जिसे अक्सर बाहर से आने वाले पर्यटक लन्दन ब्रिज समझ लेते हैं.
मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम
लन्दन में ही मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम है जो मोम की मूर्तियों का विश्व प्रसिद्ध संग्रहालय हैं. इसकी विश्व के कई प्रमुख शहरों में शाखायें भी हैं. इसकी स्थापना 1835 में मोम शिल्पकार मेरी तुसाद ने की थी. इस संग्राहलय में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदरा गांधी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान सहित कई बौलीवुड एक्टर्स और कई अन्य भारतीय सेलिब्रटीज की भी मोम की मूर्तियां लगाई गई हैं.